द देवरिया न्यूज़,काठमांडू। काठमांडू मेट्रोपॉलिटन सिटी के मेयर बालेन्द्र शाह ने रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने डिप्टी मेयर को लिखे पत्र में कहा कि वह नेपाल के संविधान 2015, स्थानीय सरकार संचालन अधिनियम 2017 और महानगर से जुड़े मौजूदा कानूनों के प्रावधानों के तहत स्वेच्छा से अपना पद छोड़ रहे हैं। बालेन्द्र शाह ने स्पष्ट किया कि यह फैसला उन्होंने अपनी इच्छा से लिया है।
बालेन्द्र शाह ने 2022 के स्थानीय चुनावों में एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में काठमांडू महानगर के मेयर का चुनाव जीतकर देशभर में चर्चा बटोरी थी। अपने इस्तीफे में उन्होंने कहा कि कार्यकाल के दौरान उन्होंने महानगर और यहां के नागरिकों के हित में पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ काम करने का प्रयास किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में महानगर का नेतृत्व, सेवा वितरण व्यवस्था और विकास प्रक्रिया और अधिक प्रभावी, पारदर्शी व परिणामोन्मुखी होगी। साथ ही उन्होंने डिप्टी मेयर और मेट्रोपॉलिटन कार्यकारी टीम को आगे के कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस्तीफे के बाद बालेन्द्र शाह की सक्रिय राजनीति में नई भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। काठमांडू पोस्ट के अनुसार, शाह हाल ही में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी में शामिल हुए हैं और 5 मार्च को होने वाले चुनाव में झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। यह वही सीट है, जहां से चार बार के प्रधानमंत्री और CPN-UML के अध्यक्ष केपी शर्मा ओली चुनाव लड़ते रहे हैं। बालेन्द्र शाह ने खुले तौर पर घोषणा की है कि वह ओली को उनके ही गढ़ में चुनौती देंगे और हराने का प्रयास करेंगे। इससे झापा-5 की चुनावी जंग बेहद रोचक मानी जा रही है।
बालेन्द्र शाह को खासतौर पर नेपाल के युवाओं और जेन-जी वर्ग का मजबूत समर्थन हासिल माना जाता है। उन्होंने पहले भी जेन-जी आंदोलन का समर्थन किया था और माना जाता है कि इस आंदोलन की रणनीति तैयार करने में उनकी अहम भूमिका रही है। शाह का दावा है कि आगामी चुनावों में उन्हें देश के युवाओं का व्यापक समर्थन मिलेगा। उनकी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने उन्हें प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार भी घोषित किया है।
इसे भी पढ़ें : यूपी में बंदर पकड़ने की जिम्मेदारी तय, पूरे प्रदेश में वन विभाग संभालेगा अभियान, जानिए पूरा फैसला
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































