द देवरिया न्यूज़,देवरिया : बांस देवरिया स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय के मुलायम सिंह यादव सभागार में शनिवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रख्यात समाजवादी चिंतक कर्पूरी ठाकुर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने की, जबकि संचालन सपा जिला महासचिव मंजूर हसन ने किया।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव ने कर्पूरी ठाकुर के जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर ने महात्मा गांधी, डॉ. राममनोहर लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की समाजवादी संत परंपरा को आगे बढ़ाया। उन्होंने बताया कि पढ़ाई में मेधावी होने के बावजूद कर्पूरी ठाकुर ने स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए अपनी शिक्षा तक त्याग दी और आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई।
व्यास यादव ने कर्पूरी ठाकुर की सादगी और ईमानदारी को उनका सबसे बड़ा गुण बताया। उन्होंने कहा कि उच्च पदों पर रहते हुए भी कर्पूरी ठाकुर ने सादगी नहीं छोड़ी। उनकी नैतिकता का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का विवाह मात्र 12 हजार रुपये में संपन्न कराकर सादगी की मिसाल कायम की।
उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के ‘विशेष अवसर’ के सिद्धांत को जमीन पर उतारते हुए कर्पूरी ठाकुर ने आरक्षण व्यवस्था लागू की, जिससे पिछड़े वर्गों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में ऐतिहासिक सफलता मिली। व्यास यादव ने कहा कि यदि बिहार में लागू किए गए कर्पूरी ठाकुर के कार्यक्रम पूरे देश में लागू होते, तो सामाजिक विकास के पैमाने पर भारत कहीं आगे होता।
सपा जिलाध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि सामाजिक विषमता को दूर करने के लिए अखिलेश यादव द्वारा उठाए जा रहे कदम ही कर्पूरी ठाकुर के सपनों को साकार करेंगे।
कार्यक्रम में राजवंशी राजभर, महेंद्र गोंड, नर्मदा चौहान, प्रज्ञानंद चौधरी, बाबूलाल यादव, मालवीय प्रसाद निर्मल, देशराज यादव, प्रभा भारती, गोपी यादव, रामप्रित यादव, रमेश यादव, अमरेन्द्र यादव, रणवीर यादव, खुर्शीद अंसारी, मनोज यादव, उमाशंकर यादव, राजनाथ यादव, वंदना कुशवाहा, गजेंद्र भारती और विदेशी भारती सहित सैकड़ों लोगों ने कर्पूरी ठाकुर के विचारों पर अपने विचार रखे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसे भी पढ़ें : गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ दिल्ली पुलिस की FIR, गणतंत्र दिवस से पहले अशांति फैलाने की धमकी का आरोप
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































