द देवरिया न्यूज़,बेंगलुरु : कर्नाटक कैडर के 2021 बैच के आईएएस अधिकारी कनिष्क शर्मा इन दिनों चर्चा में हैं। जमशेदपुर निवासी कनिष्क शर्मा ने कर्नाटक और तमिलनाडु में फैले एक बड़े अंतरराज्यीय जीएसटी फर्जीवाड़े के खिलाफ बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व किया है। वह वर्तमान में कर्नाटक वाणिज्यिक कर विभाग में अतिरिक्त आयुक्त, प्रवर्तन (दक्षिण क्षेत्र) के पद पर तैनात हैं।
कनिष्क शर्मा के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने 1,464 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़े फर्जी चालान रैकेट का पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि इस गिरोह ने बिना किसी वास्तविक माल की आवाजाही के करीब 355 करोड़ रुपये के इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का फर्जी दावा कर उसे विभिन्न कंपनियों तक पहुंचाया।
यह कार्रवाई संगठित कर चोरी और राज्यों की सीमाओं के पार सक्रिय वित्तीय धोखाधड़ी नेटवर्क पर लगाम लगाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। यह अपनी तरह का पहला समन्वित अंतरराज्यीय अभियान था, जिसके तहत बेंगलुरु, चेन्नई, वेल्लोर और पेरनामपट्टू में एक साथ तलाशी और जब्ती अभियान चलाया गया। इस दौरान मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पेन ड्राइव, बैंक स्टेटमेंट और कई फर्जी कंपनियों की रबर स्टैम्प जब्त की गईं।
तमिलनाडु वाणिज्यिक कर विभाग के सहयोग से चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें बेंगलुरु की आर्थिक अपराध विशेष अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
कनिष्क शर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए वर्ष 2024 के ‘सर्वश्रेष्ठ राजस्व अधिकारी’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान बेंगलुरु में आयोजित एक समारोह में कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने प्रदान किया।
शिक्षा और प्रशासनिक सफर
कनिष्क शर्मा ने जमशेदपुर के लोयोला स्कूल से स्कूली शिक्षा प्राप्त की और इसके बाद बिट्स पिलानी से बीटेक किया। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने निजी नौकरी की बजाय सिविल सेवा की तैयारी का रास्ता चुना और 2021 में यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस बने।
अपने प्रशासनिक करियर में वह कारवार में सहायक आयुक्त और उप-विभागीय मजिस्ट्रेट के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने राजस्व सेवाओं तक जनता की पहुंच बेहतर बनाने, भूमि अभिलेखों के डिजिटलीकरण और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
परिवारिक पृष्ठभूमि
कनिष्क शर्मा के पिता प्रभात शर्मा टाटा स्टील के पूर्व कार्यकारी अधिकारी रहे हैं। उनका परिवार मूल रूप से बिहार के गया जिले का निवासी है। कनिष्क के चचेरे भाई करण सत्यार्थी झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, जबकि उनके चाचा पंजाब कैडर के पीसीएस अधिकारी रह चुके हैं।
इसे भी पढ़ें : इथेनॉल नीति में बदलाव से बिहार का उद्योग संकट में, मुजफ्फरपुर के प्लांट बंद, 4 हजार परिवारों की रोजी पर खतरा
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































