द देवरिया न्यूज़,कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के आईटी प्रमुख प्रतीक जैन के आवास पर छापेमारी की। इस कार्रवाई को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ी नाराजगी जताई और स्वयं प्रतीक जैन के घर पहुंचीं। ममता बनर्जी ने ईडी की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि एक राजनीतिक दल के आईटी प्रमुख के घर पर छापा मारा गया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “क्या राजनीतिक दलों के आईटी प्रमुखों के घरों पर छापा मारना केंद्रीय गृह मंत्री का काम है?” जानकारी के मुताबिक, ईडी ने यह छापेमारी कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में की है।
ममता का आरोप—राजनीतिक बदले की भावना से की गई कार्रवाई
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि छापेमारी के दौरान ईडी अधिकारी टीएमसी की हार्ड डिस्क, आंतरिक दस्तावेज और संवेदनशील संगठनात्मक डेटा जब्त करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित और असंवैधानिक करार दिया। ममता ने कहा कि यह केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से किया गया “सबसे घिनौना कृत्य” है।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, “उन्होंने हमारे आईटी प्रमुख के घर पर छापा मारा। वे पार्टी के दस्तावेज और हार्ड डिस्क जब्त कर रहे थे, जिनमें विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की जानकारी थी। मैंने वे दस्तावेज वापस ले लिए।” ममता ने आरोप लगाया कि ईडी इन दस्तावेजों को भाजपा को देने की कोशिश कर रही थी।
सुवेंदु अधिकारी ने सीएम के दौरे पर उठाए सवाल
वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने छापेमारी स्थल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के पहुंचने को अनैतिक और असंवैधानिक बताया। उन्होंने इसे केंद्रीय एजेंसी की जांच में सीधी दखलअंदाजी करार दिया। अधिकारी ने कहा कि ईडी को इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए।
6 राज्यों में 15 ठिकानों पर छापेमारी
ईडी ने गुरुवार को देश के छह राज्यों में कुल 15 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आईपैक) के कोलकाता स्थित कार्यालय पर भी कार्रवाई की गई। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यह छापेमारी सरकारी नौकरी दिलाने के फर्जी दावों से जुड़े एक कथित घोटाले की जांच के तहत की गई है। ईडी का आरोप है कि एक समूह लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर ठग रहा था।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : पंचायत भवन से ग्राम विकास अधिकारी 24 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































