द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली। एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास और अमृत मंडल की अलग-अलग घटनाओं में हुई निर्मम हत्याओं की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जाना वहां की सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारियों के खिलाफ है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पर चिंता जताई जा रही है।
ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी बांग्लादेश में हुई इन हत्याओं की निंदा करती है और भारत सरकार बांग्लादेश के साथ संबंध मजबूत करने के लिए जो भी कदम उठाएगी, एआईएमआईएम उसका समर्थन करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मोहम्मद यूनुस सरकार बांग्लादेश में रहने वाले अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
इसके साथ ही ओवैसी ने इस मुद्दे को भारत में हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाओं से जोड़ते हुए कहा कि बहुसंख्यक राजनीति के कारण कानून का शासन कमजोर पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब ऐसी राजनीति हावी हो जाती है तो लिंचिंग जैसी घटनाएं सामने आती हैं।
ओवैसी ने उदाहरण देते हुए कहा कि 24 दिसंबर को पश्चिम बंगाल के एक मजदूर की ओडिशा के संबलपुर में लिंचिंग कर दी गई, जबकि उत्तराखंड में एमबीए कर रहे आदिवासी युवक एंजेल चकमा की पिटाई के बाद मौत हो गई। उन्होंने कहा कि ये घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि जब कानून का राज कमजोर होता है, तब समाज में हिंसा बढ़ती है।
एआईएमआईएम प्रमुख ने जोर देते हुए कहा कि चाहे बांग्लादेश हो या भारत, ऐसी सभी घटनाओं की समान रूप से निंदा होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसे भी पढ़ें : देवरिया–कसया मार्ग को मिलेगी बड़ी राहत, छोटी गंडक पर नए पुल को शासन की मंजूरी
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































