द देवरिया न्यूज़,अलीगढ़। एएमयू के एबीके बॉयज स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक राव दानिश अली की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में अमीर निशा गोस्त वाली गली, बीबी बिल्डिंग निवासी सलमान पुत्र मुतीक कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त सलमान ने बताया कि वर्ष 2018 में साबेज पुत्र अजमत की हत्या हुई थी, जिसमें उसके कुछ साथी जेल गए थे। सलमान और उसके साथियों को शक था कि उस मामले में एएमयू शिक्षक राव दानिश ने मुखबिरी की थी। इसी रंजिश के चलते बदला लेने के लिए राव दानिश की हत्या की साजिश रची गई।
ऐसे रची गई हत्या की साजिश
सलमान ने बताया कि उसने अपने साथी फहाद पुत्र रफतउल्लाह और यासिर उर्फ यासर पुत्र रफतउल्लाह (निवासी ग्राम नौसा, थाना बरला, अलीगढ़; हाल निवासी ओखला, दिल्ली) को 23 दिसंबर को अलीगढ़ बुलाया। दोनों पहले से पिस्टल लेकर आए थे और सलमान ने उन्हें अपने फ्लैट में ठहराया।
24 दिसंबर को सलमान अपनी कार से फहाद और यासिर को मेडिकल रोड तक छोड़कर आया। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी से एएमयू कैंटीन के पास पहुंचे और राव दानिश अली को गोली मार दी। हत्या के बाद दोनों स्कूटी से पुरानी चुंगी पुल तक पहुंचे, जहां सलमान पहले से मौजूद था। फहाद को कार में बैठा लिया गया, जबकि यासिर स्कूटी से गभाना टोल तक गया और रास्ते में स्कूटी को खाई में फेंक दिया। इसके बाद तीनों कार से ओखला, दिल्ली फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में जुबैर पुत्र रफतउल्लाह की भूमिका भी संदिग्ध है। वह आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है और उसकी तथा अन्य संभावित आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
घटना का विवरण
राव दानिश अली (45) की 24 दिसंबर की देर शाम करीब 8:45 बजे एएमयू परिसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे लाइब्रेरी कैंटीन परिसर में दो साथियों के साथ टहल रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो नकाबपोश शूटरों ने पीछे से कनपटी पर गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मूल रूप से डिबाई क्षेत्र के रहने वाले राव दानिश अली का परिवार कई दशकों से अमीर निशा क्षेत्र में रह रहा था। उनके पिता एएमयू में कर्मचारी और मां शिक्षिका रही थीं। एएमयू से ही पढ़ाई करने के बाद उन्हें एबीके बॉयज स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक की नौकरी मिली थी। उनके ससुर फिजा उल्लाह चौधरी मुरादाबाद की कांठ विधानसभा से विधायक रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें : ठाकरे बंधुओं की सियासी एकजुटता: 29 नगर निगम चुनाव साथ लड़ेंगे, संयुक्त रैलियों की तैयारी
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































