द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : देशभर में हर साल 26 जनवरी को पूरे उत्साह और गर्व के साथ गणतंत्र दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष भारत अपना 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली परेड कई मायनों में ऐतिहासिक होने जा रही है। इस बार की परेड में भारतीय सेना की आधुनिक, स्वदेशी और तकनीक-समर्थ क्षमताओं की झलक देखने को मिलेगी।
गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार लंबी दूरी तक मारक क्षमता वाली रॉकेट लॉन्चर प्रणाली ‘सूर्यास्त्र’, नवगठित भैरव लाइट कमांडो बटालियन, जांस्कर टट्टू और बैक्ट्रियन ऊंट शामिल किए जाएंगे। इसके साथ ही एक नई पहल के तहत घुड़सवार 61वीं कैवलरी के जवान युद्ध सामग्री से लैस होकर ‘चरणबद्ध युद्ध संरचना’ में मार्च करते नजर आएंगे। इस दौरान स्वदेशी सैन्य उपकरणों और साजो-सामान का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
इस वर्ष परेड में शक्तिबाण रेजिमेंट भी पहली बार सामने आएगी। यह नवगठित रेजिमेंट ड्रोन और ड्रोन-रोधी आधुनिक उपकरणों से लैस होगी, जो भविष्य की युद्ध रणनीतियों में भारतीय सेना की बढ़ती तैयारी को दर्शाती है।
गणतंत्र दिवस परेड का मुख्य आकर्षण भारतीय सशस्त्र बलों की त्रि-सेवा झांकी होगी। कर्तव्य पथ पर प्रस्तुत यह झांकी ‘ऑपरेशन सिंदूर: जॉइंटनेस के माध्यम से विजय’ की थीम पर आधारित होगी। झांकी में सटीक हमलों, तीनों सेनाओं के आपसी तालमेल और स्वदेशी सैन्य शक्ति को जीत का आधार बताया गया है। यह भारत की विकसित होती सैन्य सोच और आत्मनिर्भर रक्षा क्षमता का सशक्त संदेश देती है। उल्लेखनीय है कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत बीते वर्ष पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट किया गया था।
परेड में भारतीय सेना की छह मार्चिंग टुकड़ियां शामिल होंगी, जिनमें मिक्स्ड स्काउट्स, राजपूत रेजिमेंट, असम रेजिमेंट, जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, रेजिमेंट ऑफ आर्टिलरी और भैरव बटालियन शामिल हैं। इनके अलावा नौसेना, वायुसेना, अर्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस की टुकड़ियां भी परेड का हिस्सा बनेंगी।
इस भव्य आयोजन में भारतीय सेना की जबरदस्त मारक क्षमता भी प्रदर्शित की जाएगी। परेड में टी-90 भीष्म, अर्जुन टैंक, बीएमपी-2 सारथ, मिसाइल सिस्टम, ध्रुव, रुद्र, अपाचे और प्रचंड हेलीकॉप्टर, साथ ही आकाश, एमआरएसएएम और ब्रह्मोस मिसाइल सिस्टम भी शामिल होंगे।
करीब 6,065 लोगों की भागीदारी वाली इस परेड की कमान लेफ्टिनेंट जनरल भावनिश कुमार के हाथ में होगी। इसके अलावा 12 मिलिट्री बैंड और 8 पाइप बैंड परेड के माहौल को और भी भव्य बनाएंगे।
कुल मिलाकर, 77वीं गणतंत्र दिवस परेड भारतीय सेना की उस नई तस्वीर को प्रस्तुत करेगी, जो आधुनिक है, तकनीक से सुसज्जित है, स्वदेशी ताकत पर भरोसा करती है और हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : कच्ची शराब के कारोबार पर छापा, ईंट भट्ठा मालिक समेत तीन पर केस, दो गिरफ्तार
➤ You May Also Like


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































