द देवरिया न्यूज़,देवरिया : जिले में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर हाल के दिनों में फैली अव्यवस्था और अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए अहम कदम उठाया है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर बुधवार से जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था फिर से बहाल कर दी गई है। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों, मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि गैस सिलेंडरों का वितरण ‘प्रथम आवत-प्रथम पावत’ (फर्स्ट कम फर्स्ट सर्व) के आधार पर किया जाएगा। यानी जिन उपभोक्ताओं ने पहले गैस बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी और बुकिंग के क्रम के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
डीएम दिव्या मित्तल ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी उपभोक्ता को किसी कारणवश ओटीपी या डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) प्राप्त नहीं होता है, तब भी उन्हें गैस सिलेंडर दिया जाएगा। गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी वितरण सूची (डिस्ट्रिब्यूशन शीट) के आधार पर मिलान करते हुए उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराएं।
जिलाधिकारी ने गैस की कालाबाजारी और अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति या एजेंसी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करते हुए पकड़ी जाती है तो उसके खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत एसडीएम, थाना प्रभारी और होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है, जो वितरण प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि वितरण के दौरान यदि किसी प्रकार की अव्यवस्था, अभद्रता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के सभी उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
इसे भी पढ़ें : कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण
➤ You May Also Like















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































