द देवरिया न्यूज़,प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन की एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह अपनी 13 वर्षीय बेटी किम जू ए के साथ पिस्टल चलाते हुए नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर उत्तर कोरिया की सरकारी न्यूज एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने जारी की है। बताया जा रहा है कि यह तस्वीर एक हल्के हथियारों की फैक्ट्री के निरीक्षण के दौरान ली गई है।
सरकारी मीडिया के अनुसार किम जोंग उन ने फैक्ट्री में बने हथियारों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए उन्हें “बेहद उत्कृष्ट” बताया। हालांकि आधिकारिक रिपोर्ट में उनकी बेटी के साथ मौजूद होने का जिक्र नहीं किया गया, लेकिन जारी तस्वीरों में किम जू ए अपने पिता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पिस्टल चलाते हुए दिखाई दे रही हैं।
किम जू ए को पहली बार नवंबर 2022 में सार्वजनिक कार्यक्रम में देखा गया था। इसके बाद से वह कई महत्वपूर्ण सैन्य और सरकारी आयोजनों में अपने पिता के साथ नजर आ चुकी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि किम जू ए को धीरे-धीरे सार्वजनिक मंच पर लाकर उन्हें भविष्य के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में तैयार किया जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक किम जोंग उन हाल के वर्षों में परमाणु हथियारों के साथ-साथ पारंपरिक सेना को भी आधुनिक बनाने पर जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में वह विभिन्न हथियार निर्माण इकाइयों का दौरा कर रहे हैं और नए हथियारों की परीक्षण प्रक्रिया का निरीक्षण कर रहे हैं।
बताया जाता है कि फैक्ट्री दौरे के दौरान किम जोंग उन और उनकी बेटी ने एक टेस्ट लॉन्च भी देखा, जिसे सरकारी मीडिया ने “न्यूक्लियर-कैपेबल क्रूज मिसाइल” का परीक्षण बताया है। इससे पहले भी किम जू ए को स्नाइपर राइफल की टेस्टिंग करते हुए देखा गया था।
किम जू ए, किम जोंग उन और उनकी पत्नी री सोल जू की वह संतान हैं, जिनका सार्वजनिक तौर पर जिक्र किया जाता है। हालांकि दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी का दावा है कि किम जोंग उन का एक बड़ा बेटा भी हो सकता है, लेकिन उत्तर कोरिया ने कभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगातार सार्वजनिक कार्यक्रमों में किम जू ए की मौजूदगी इस बात का संकेत हो सकती है कि भविष्य में उन्हें उत्तर कोरिया के नेतृत्व के लिए तैयार किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : उमराह के बाद सऊदी अरब में युवक की मौत, सूचना मिलते ही गांव में मचा कोहराम
➤ You May Also Like











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































