द देवरिया न्यूज़,देवरिया। शहर के कसया रोड पर एक बारात के दौरान बरातियों के हुड़दंग से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ युवकों ने चलती गाड़ियों की छत और बोनट पर चढ़कर स्टंट किए, पटाखे छोड़े और नोटों की गड्डियां उड़ाईं। इस वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि यह घटना शनिवार रात करीब 10 बजे की है, जब एक बारात देवरिया-कसया रोड से होते हुए पलक लॉन मैरिज हॉल की ओर जा रही थी। इस दौरान तेज आवाज में डीजे बज रहा था और कुछ बराती गाड़ियों पर चढ़कर स्टंटबाजी करने लगे। वहीं आतिशबाजी के साथ नोट उड़ाने का सिलसिला भी चलता रहा।
बरातियों की इस हरकत के कारण कसया ओवरब्रिज से लेकर रिलायंस पेट्रोल पंप तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर बेतरतीब खड़ी गाड़ियों और बरातियों के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस टीम बालाजी मंदिर तिराहे के पास पहुंची। पुलिस को देखते ही गाड़ियों पर चढ़कर स्टंट कर रहे लोग शांत हो गए। इसके बाद पुलिस ने वाहनों को सड़क किनारे कराकर यातायात को सुचारु कराया।
टीएसआई गुलाब सिंह ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने के मामले में एक कार का 12 हजार रुपये का ऑनलाइन चालान किया गया है। घटना का वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला चर्चा में आया है।
इसे भी पढ़ें : माइक्रो फाइनेंस कंपनी में 21 लाख रुपये का गबन, ब्रांच मैनेजर समेत 8 पर मुकदमा दर्ज
➤ You May Also Like





























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































