द देवरिया न्यूज़,काबुल। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच लगातार बढ़ रही सैन्य झड़पों और तनाव को कम करने के लिए अब चीन ने पहल की है। चीन ने दोनों देशों से अपील की है कि वे बातचीत के जरिए अपने मतभेद सुलझाएं और क्षेत्र में शांति बनाए रखें।
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के विशेष दूत यू शियाओयोंग ने रविवार को काबुल का दौरा किया और अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्तकी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ते टकराव और क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंता जताई।
अफगान विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में यू शियाओयोंग ने जोर देकर कहा कि चीन चाहता है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच चल रहे विवादों का समाधान कूटनीतिक तरीके से निकाला जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की स्थिरता और सुरक्षा के लिए दोनों देशों के बीच संवाद जारी रहना बेहद जरूरी है।
चीनी दूत ने यह भी बताया कि बीजिंग काबुल और इस्लामाबाद दोनों के संपर्क में है और दोनों देशों के बीच तनाव कम कराने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास कर रहा है। चीन का मानना है कि सभी विवादों का समाधान बातचीत और कूटनीतिक प्रयासों से ही संभव है।
दरअसल, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण रहे हैं। पिछले दो हफ्तों में दोनों देशों की सीमा पर कई बार भारी गोलीबारी हुई है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अंदर हवाई हमले भी किए, जिसके जवाब में अफगान तालिबान बलों ने भी कार्रवाई की। इससे दोनों देशों के बीच हालात युद्ध जैसे बन गए हैं।
चीन इससे पहले भी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच मध्यस्थता की कोशिश कर चुका है। दोनों देशों में चीन का प्रभाव होने के कारण उम्मीद जताई जा रही है कि बीजिंग की पहल से क्षेत्र में तनाव कम हो सकता है। हालांकि फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कड़े बयान जारी किए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: हैदराबाद में मजदूर की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
➤ You May Also Like





























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































