द देवरिया न्यूज़,तेहरान। इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को देश का नया सुप्रीम लीडर चुना गया है। सुप्रीम लीडर के चयन के लिए जिम्मेदार ईरानी संस्था ने सोमवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।
मोजतबा खामेनेई के चयन के बाद ईरान में राजनीतिक और सुरक्षा संस्थाएं उनके समर्थन में एकजुट दिखाई दे रही हैं। उन्हें राष्ट्रपति, संसद (पार्लियामेंट) के स्पीकर, पुलिस, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC), बासिज पैरामिलिट्री फोर्स, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल और इंटेलिजेंस मंत्रालय का समर्थन मिला है।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर के चुनाव में दखल देने की बात कही थी। वहीं इजरायल ने नए नेता और उन्हें चुनने वाली काउंसिल पर हमले की धमकी भी दी थी। इसके बावजूद ईरान की राजनीतिक और सुरक्षा संस्थाओं ने मोजतबा खामेनेई के नेतृत्व का समर्थन करते हुए एकजुटता का संदेश दिया है।
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोजतबा खामेनेई के पीछे खड़ा होना ईरान की ओर से अमेरिका और इजरायल के लिए एक मजबूत संदेश माना जा रहा है। ईरान यह दिखाना चाहता है कि शीर्ष नेताओं की हत्या के बावजूद देश की सत्ता को अस्थिर करना विदेशी शक्तियों के लिए आसान नहीं होगा।
हालांकि मोजतबा खामेनेई अब तक सार्वजनिक जीवन में ज्यादा सक्रिय नहीं रहे हैं। ऐसे में ईरानी जनता उनके पहले आधिकारिक संबोधन का इंतजार कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए उनका जल्द सार्वजनिक रूप से सामने आना मुश्किल हो सकता है।
56 वर्षीय मोजतबा खामेनेई को विचारधारा के मामले में अपने पिता से भी ज्यादा सख्त माना जाता है। उन्हें इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का समर्थन प्राप्त है। मोजतबा पहले भी अपने पिता के करीब रहकर कई महत्वपूर्ण मामलों में भूमिका निभाते रहे हैं।
बताया जाता है कि वह इराक-ईरान युद्ध के दौरान सेना में भी सेवा दे चुके हैं। हाल ही में तेहरान में हुए हमले में उनकी पत्नी जहरा की भी मौत हो गई थी, जो उनके परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हमले की चपेट में आ गई थीं।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: हैदराबाद में मजदूर की मौत, शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
➤ You May Also Like





























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































