द देवरिया न्यूज़,देवरिया : बघौचघाट थाना क्षेत्र में मानवता की मिसाल पेश करने वाले एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सड़क पर अचानक सामने आ गई दो महिलाओं को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गई थी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने गुरुवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार सखीनी गांव निवासी 18 वर्षीय निखिल गौड़ पेशे से वाहन चालक थे। 2 फरवरी को वह अपनी बाइक से केडी चौक चौराहे की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक दो महिलाएं सड़क पार करते हुए उनकी बाइक के सामने आ गईं। महिलाओं को बचाने के प्रयास में निखिल ने तुरंत बाइक मोड़ दी, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी।
इस हादसे में निखिल को गंभीर चोटें आईं। गिरने के कारण उनकी गर्दन बुरी तरह चोटिल हो गई और वे सड़क पर ही तड़पने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
कई दिनों तक मेडिकल कॉलेज में निखिल का इलाज चलता रहा, लेकिन उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। गुरुवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू, वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से उन्हें वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत और बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं। परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही घर लेकर लौट आए। गांव पहुंचते ही परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। मां आरती देवी और बड़े भाई शैलेंद्र सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं और परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निखिल स्वभाव से बेहद मिलनसार और मददगार युवक था। उसने अपनी जान की परवाह किए बिना दो महिलाओं की जान बचाने की कोशिश की, लेकिन इस प्रयास में खुद ही हादसे का शिकार हो गया।
इस संबंध में बघौचघाट थानाध्यक्ष ए.के. तिवारी ने बताया कि अभी तक इस मामले में किसी की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : यूपी में मत्स्य क्षेत्र में 1407 करोड़ का निवेश प्रस्ताव, 2000 से अधिक युवाओं को मिलेगा रोजगार
➤ You May Also Like







































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































