द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली/मस्कट : पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत की खबर सामने आई है। ओमान की सरकारी न्यूज एजेंसी के अनुसार, मस्कट तट के पास एक ड्रोन हमले में टैंकर को नुकसान पहुंचा, जिसमें चालक दल का एक सदस्य मारा गया।
एपी न्यूज एजेंसी ने क्रू सदस्य के भारतीय नागरिक होने की जानकारी दी है। हालांकि भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत बयान का इंतजार है।
एमकेडी व्योम टैंकर बना निशाना
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस जहाज को निशाना बनाया गया उसकी पहचान ‘एमकेडी व्योम’ (MKD VYOM) के रूप में हुई है। जहाज पर मार्शल आइलैंड्स का झंडा लगा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ड्रोन से गिराए गए विस्फोटक की चपेट में आने से जहाज को क्षति पहुंची।
होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ता जोखिम
ओमान की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद संवेदनशील समुद्री मार्ग माने जाते हैं। हालिया हफ्तों में इस क्षेत्र में जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि क्षेत्रीय तनाव के बीच होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को धमकियां मिल रही हैं।
हालांकि हमले की जिम्मेदारी को लेकर आधिकारिक तौर पर किसी पक्ष की पुष्टि नहीं हुई है।
भारत की नजर हालात पर
भारतीय नाविक की मौत की खबर के बाद मामले पर नई दिल्ली की नजर है। उम्मीद की जा रही है कि भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियां स्थिति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करेंगी। पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के बीच समुद्री मार्गों की सुरक्षा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय बन गई है।
इसे भी पढ़ें : लखनऊ में शिया समुदाय का प्रदर्शन, खामेनेई की मौत के दावों पर तीन दिन का शोक; इमामबाड़े बंद
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































