द देवरिया न्यूज़,वॉशिंगटन : ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना पहला आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा और तेहरान को या तो अपने सैन्य कार्यक्रम पर लगाम लगानी होगी या फिर कड़े अमेरिकी कदमों का सामना करना पड़ेगा।
ट्रंप ने कहा, “हमारा उद्देश्य ईरानी सरकार से उत्पन्न खतरों को समाप्त कर अमेरिकी लोगों की रक्षा करना है। ईरान के पास कभी भी परमाणु हथियार नहीं हो सकता।” उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका यह सुनिश्चित करेगा कि ईरान की मिसाइल क्षमताओं को निष्क्रिय किया जाए।
‘सैन्य ढांचे को निशाना बनाएंगे’
राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ईरान की मिसाइल प्रणाली और मिसाइल उद्योग को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसैनिक क्षमताओं को भी निशाना बनाया जाएगा। ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि ईरान ऐसे हथियार विकसित कर रहा है जो भविष्य में अमेरिका तक पहुंच सकते हैं। हालांकि, इन दावों पर ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
‘प्रॉक्सी नेटवर्क’ पर भी सख्ती
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका क्षेत्र में सक्रिय उन समूहों को भी रोकने का प्रयास करेगा, जिन्हें वह ईरान समर्थित “प्रॉक्सी” मानता है। उनके अनुसार, इन नेटवर्क के जरिए क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ाई जा रही है।
संभावित जोखिम का जिक्र
राष्ट्रपति ने यह भी स्वीकार किया कि सैन्य अभियानों के दौरान अमेरिकी सैनिकों के लिए जोखिम हो सकता है। उन्होंने कहा, “ऐसे अभियानों में हमारे बहादुर सैनिकों की जान को खतरा हो सकता है। युद्ध में हताहत होना असामान्य नहीं है, लेकिन हम यह कदम भविष्य की सुरक्षा के लिए उठा रहे हैं।”
बातचीत के बावजूद कार्रवाई
इस सप्ताह की शुरुआत में जिनेवा में अमेरिका और ईरान के बीच अप्रत्यक्ष वार्ता हुई थी। दोनों पक्षों ने वार्ता में प्रगति की बात कही थी, लेकिन उसके बाद भी सैन्य कार्रवाई हुई है, जिससे कूटनीतिक प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं। मौजूदा घटनाक्रम ने पश्चिम एशिया में तनाव को और बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय अब इस बात पर नजर रखे हुए है कि क्या हालात और बिगड़ते हैं या कूटनीतिक प्रयासों से स्थिति को नियंत्रित किया जा सकेगा।
इसे भी पढ़ें : देवरिया: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 161 जोड़ों का हुआ विवाह, उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ समारोह
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































