द देवरिया न्यूज़,काबुल : अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि उसने नंगरहार प्रांत में पाकिस्तान के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। स्थानीय मीडिया आउटलेट टोलो न्यूज ने पाकिस्तानी सुरक्षा सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि विमान के पायलट को जिंदा पकड़ लिया गया है। हालांकि, न तो कथित पायलट की पहचान बताई गई है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि कौन सा विमान गिराया गया। तालिबान की ओर से भी इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
तोर्खम में झड़पों की खबर
अफगान मीडिया के अनुसार, तालिबान बलों और पाकिस्तानी सेना के बीच तोर्खम सीमा क्षेत्र में भीषण झड़पें जारी हैं। हुर्रियत रेडियो के एक स्थानीय संवाददाता ने क्षेत्र से तस्वीर साझा करते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह से फिर से गोलीबारी शुरू हुई।
तोर्खम के कमिश्नर मुल्ला ताज मोहम्मद नक्शबंदी के हवाले से दावा किया गया है कि अफगान बलों ने सीमा पार पाकिस्तानी ठिकानों, सप्लाई डिपो और तीन महत्वपूर्ण टावरों को निशाना बनाया है। इन दावों की भी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
तालिबान प्रवक्ता के आरोप
इससे पहले तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कंधार में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान पर क्षेत्र को अस्थिर करने का आरोप लगाया। एरियाना न्यूज के अनुसार, मुजाहिद ने कहा कि अफगानिस्तान मुद्दों का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है और पाकिस्तान के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन इस्लामाबाद ने सहयोग नहीं किया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सैन्य विमान अफगान हवाई क्षेत्र में सक्रिय थे। तालिबान का दावा है कि पाकिस्तान ने काबुल, कंधार और पक्तिया प्रांतों में हवाई हमले किए।
पाकिस्तान की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार
इन दावों पर पाकिस्तान की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मौजूदा घटनाक्रम ने दोनों देशों के बीच पहले से चल रहे तनाव को और बढ़ा दिया है। क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब स्थिति के विकास पर टिकी है, क्योंकि सीमा पर बढ़ती झड़पें व्यापक टकराव का रूप ले सकती हैं।
इसे भी पढ़ें : नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो बनाने और दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में चार गिरफ्तार, दो बाल अपचारी शामिल
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































