द देवरिया न्यूज़,देवरिया। होली के मद्देनजर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ने एहतियाती कदम उठाते हुए इमरजेंसी व्यवस्थाओं को हाई अलर्ट पर रखा है। 4 मार्च को होने वाले रंगोत्सव को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। सभी स्वास्थ्यकर्मियों को ड्यूटी पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन का मानना है कि होली के दौरान सड़क दुर्घटनाएं, आपसी विवाद और रंगों के कारण आंख व त्वचा संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इमरजेंसी सेवाओं के लिए विशेष ड्यूटी रोस्टर तैयार किया गया है। इमरजेंसी में एक मेडिकल ऑफिसर, दो जूनियर रेजिडेंट, सात स्टाफ नर्स और सात मल्टी पर्पज वर्कर तैनात रहेंगे। नेत्र, चर्म रोग, हड्डी रोग, सर्जरी और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञों को ऑन-कॉल रखा गया है।
मरीजों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए नवीन ओपीडी में 20 बेड का अतिरिक्त वार्ड तैयार किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर यहां मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाएगा। रंगों से होने वाली एलर्जी या आंखों की जलन जैसी समस्याओं के लिए दवाओं का पर्याप्त स्टॉक भी सुनिश्चित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी सीएचसी और पीएचसी केंद्रों पर भी अलर्ट जारी किया है। त्योहार के दौरान किसी भी कर्मचारी की छुट्टी स्वीकृत नहीं की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. रजनी पटेल ने बताया कि सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना ही प्रशासन की प्राथमिकता है।
इसे भी पढ़ें : पूर्व एटीएस प्रमुख के पी रघुवंशी का दावा—बाल ठाकरे और इंद्रेश कुमार को गिरफ्तार करने का था दबाव
➤ You May Also Like




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































