13 फरवरी को एडीएम प्रशासन ने केंद्र व्यवस्थापकों, बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर, स्टेटिक और जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। परीक्षा से एक दिन पहले सभी 174 केंद्रों पर डेस्क स्लिप लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित होगी।
1.15 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
जिले में कुल 1,15,967 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
हाईस्कूल: 57,556 छात्र-छात्राएं
इंटरमीडिएट: 58,411 छात्र-छात्राएं
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 10,192 परीक्षार्थी कम हैं और पांच परीक्षा केंद्रों की संख्या भी घटाई गई है।
मजिस्ट्रेटों की तैनाती से कड़ी व्यवस्था
परीक्षा को सुव्यवस्थित रखने के लिए तीन सुपर जोनल मजिस्ट्रेट—मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और मुख्य राजस्व अधिकारी—तैनात किए गए हैं। जोनल मजिस्ट्रेट के रूप में देवरिया सदर, सलेमपुर, भाटपार रानी, बरहज और रुद्रपुर के एसडीएम के साथ सदर तहसीलदार को जिम्मेदारी दी गई है। जिले में 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात रहेंगे।
सभी 174 केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और स्टेटिक मजिस्ट्रेट मौजूद रहेंगे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा के दौरान केंद्र पर रहकर उत्तरपुस्तिकाओं को अपनी उपस्थिति में सील कराएंगे।
3364 कक्ष निरीक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी
परीक्षा ड्यूटी के लिए कुल 3,364 शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक बनाया गया है।
2,183 शिक्षक माध्यमिक विद्यालयों से
1,181 शिक्षक बेसिक शिक्षा विभाग से
सभी को पहचान पत्र जारी किए गए हैं। 50 प्रतिशत कक्ष निरीक्षक अन्य विद्यालयों से तैनात किए गए हैं।
कंट्रोल रूम से होगी सीसीटीवी निगरानी
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में अत्याधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से सभी केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नजर रखी जाएगी।
किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9598565105 पर दी जा सकती है। इसके अलावा सह जिला विद्यालय निरीक्षक के नंबर 8400273882 और जिला विद्यालय निरीक्षक के नंबर 9454457346 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।