बुधवार को पोस्ट की गई इस वीडियो क्लिप से पहले भी रिजिजू विपक्ष पर हमलावर रहे हैं। उन्होंने पहले आरोप लगाया था कि कांग्रेस के 20–25 सांसद लोकसभा अध्यक्ष के कक्ष में घुस गए और वहां अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। अब नए वीडियो के साथ उन्होंने दावा किया है कि यह फुटेज खुद कांग्रेस सांसद द्वारा बनाया गया “अवैध वीडियो” है।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “यह कांग्रेस सांसद द्वारा बनाया गया अवैध वीडियो क्लिप है, जिसमें 20–25 कांग्रेस सांसद माननीय अध्यक्ष के कक्ष में घुसकर उन्हें अपशब्द कह रहे हैं और माननीय प्रधानमंत्री को धमकी दे रहे हैं। हमारी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास रखती है और सांसदों को शारीरिक रूप से धमकी देने के लिए कभी प्रोत्साहित नहीं करती।”
वीडियो में क्या दिखा?
रिजिजू के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा वीडियो में कई कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में तेज आवाज में विरोध जताते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में माहौल काफी तनावपूर्ण नजर आ रहा है, जहां सांसदों के बीच तीखी बहस और हंगामे की स्थिति दिखती है।
प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल पर आरोप
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने बयान में कांग्रेस नेतृत्व पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में विपक्षी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया। रिजिजू का दावा है कि इस दौरान यह भी कहा गया कि “जब प्रधानमंत्री संसद आएंगे तो देखिएगा हम क्या करते हैं।”
उन्होंने कहा, “अगर हम भी अपने सांसदों को संयम बरतने के लिए नहीं कहते और उन्हें नियंत्रित नहीं करते, तो संसद में महाभारत हो सकती थी।” रिजिजू ने विपक्ष के रवैये को संसदीय मर्यादाओं के खिलाफ बताया।
लोकसभा में खत्म हुआ गतिरोध
गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को लोकसभा में लंबे समय से जारी गतिरोध समाप्त हुआ था। आम बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई सांसदों ने अपने विचार रखे। हंगामे के कारण कई दिनों से रुका विधायी कामकाज भी दोबारा शुरू हुआ। बजट पर चर्चा पूरी होने के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सदन में जवाब दिया। हालांकि, स्पीकर चैंबर से जुड़ा यह विवाद एक बार फिर संसद की कार्यप्रणाली और संसदीय आचरण को लेकर नए सवाल खड़े कर रहा है।