द देवरिया न्यूज़,देवरिया। देवरिया जिले के गौरीबाजार कस्बे में रामपुर चौराहे पर लगी बैरिकेडिंग को हटाने के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने दोबारा स्थापित कर दिया है। सोमवार को हटाई गई बैरिकेडिंग मंगलवार को फिर से लगा दी गई, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बन गई है।
दरअसल, गोरखपुर–देवरिया मुख्य मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने रामपुर चौराहे पर बैरिकेडिंग लगाई थी। इसके चलते वाहनों को पश्चिम की ओर पेट्रोल पंप और पूरब की ओर डाकबंगला कट से होकर लेन बदलनी पड़ती थी। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का आरोप था कि बैरिकेडिंग के कारण कस्बा दो हिस्सों में बंट गया, जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।
स्थानीय लोगों और सदर विधायक की लगातार मांग के बाद एडिशनल एसपी आनंद पांडेय ने शनिवार को गौरीबाजार थाने में व्यापारियों और नागरिकों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की शर्त पर बैरिकेडिंग को प्रायोगिक तौर पर हटाने का आश्वासन दिया गया था। इसी के तहत सोमवार को बैरिकेडिंग हटा दी गई।
हालांकि, बैरिकेडिंग हटते ही रामपुर चौराहे पर हालात बिगड़ गए। वाहन चालकों में लेन बदलने की होड़ मच गई, जिससे कुछ ही देर में जाम की स्थिति बन गई और यातायात पूरी तरह अव्यवस्थित हो गया।
मंगलवार को स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोबारा बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता बंद कर दिया। गौरीबाजार थाना प्रभारी ने बताया कि बैरिकेडिंग हटाने के बाद सड़क किनारे अतिक्रमण की वजह से लगातार जाम लग रहा था। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन बनने और सड़क से अतिक्रमण हटने के बाद ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है। फिलहाल यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए बैरिकेडिंग फिर से लगाई गई है।
इसे भी पढ़ें : मोदीनगर में रिटायर्ड फौजी के घर से 42 प्रतिबंधित कारतूस बरामद, पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज
➤ You May Also Like




































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































