द देवरिया न्यूज़,नई दिल्ली : केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए अहम माने जा रहे 8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने औपचारिक रूप से काम शुरू करते हुए अपनी वेबसाइट 8cpc.gov.in लॉन्च कर दी है। इसके साथ ही आयोग ने वेतन, पेंशन और भत्तों से जुड़े अहम मुद्दों पर आम लोगों से सुझाव और राय आमंत्रित की है।
आयोग की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुझाव MyGov.in पोर्टल पर उपलब्ध 18 सवालों वाली एक ऑनलाइन प्रश्नावली के माध्यम से लिए जा रहे हैं। इसमें केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारी, न्यायिक अधिकारी, अदालतों के कर्मचारी, नियामक संस्थानों के सदस्य, कर्मचारी व पेंशनर संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, शोधकर्ता और आम नागरिक भी भाग ले सकते हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रतिक्रियाएं गोपनीय रखी जाएंगी। प्राप्त सुझावों का विश्लेषण सामूहिक रूप से किया जाएगा और किसी भी प्रतिक्रिया को व्यक्ति विशेष से नहीं जोड़ा जाएगा। आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि सुझाव केवल MyGov पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ईमेल, पीडीएफ या कागजी रूप में भेजे गए सुझाव मान्य नहीं होंगे।
राय देने की अंतिम तिथि 16 मार्च 2026
8वें वेतन आयोग ने बताया कि प्रश्नावली भरने की आखिरी तारीख सोमवार, 16 मार्च 2026 तय की गई है।
किन मुद्दों पर मांगी गई है राय?
प्रश्नावली में वेतन संशोधन से जुड़े कई अहम सवाल शामिल हैं, जैसे—
विकास, महंगाई और वित्तीय संतुलन के बीच आयोग को किस सिद्धांत पर चलना चाहिए
फिटमेंट फैक्टर का आधार क्या हो
वेतन वृद्धि की संरचना कैसी हो
वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के वेतन का बेंचमार्क कैसे तय किया जाए
क्या बकाया राशि जनवरी 2026 से लागू होनी चाहिए
कब बना था 8वां वेतन आयोग?
8वें वेतन आयोग के गठन की घोषणा जनवरी 2025 में की गई थी, जबकि इसे आधिकारिक रूप से 3 नवंबर 2025 को अधिसूचित किया गया। आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। राजधानी में आयोग का कार्यालय पहले ही आवंटित किया जा चुका है। सरकार को उम्मीद है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की आय, खर्च और जीवनशैली पर बड़ा असर डालेंगी।
इसे भी पढ़ें : देवरिया : मजार तोड़ने का मामला राष्ट्रपति भवन पहुंचा, मुख्य सचिव से मांगी गई कार्रवाई रिपोर्ट
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































