द देवरिया न्यूज़,लखनऊ : राजधानी लखनऊ में मंगलवार को वैश्विक निवेशकों और उद्यमियों के महासंगम उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 का आयोजन किया गया। होटल ताज में हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शामिल हुए। कॉन्क्लेव के दौरान राज्य सरकार ने 11 प्रमुख फार्मा कंपनियों के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए, जिनके तहत मेडिकल डिवाइस और नई दवाओं के क्षेत्र में संयुक्त शोध और निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अब निवेश के लिए सुरक्षित और अनुकूल माहौल है। उन्होंने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस जैसी घातक बीमारी को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है, जो पहले हजारों बच्चों की मौत का कारण बनती थी। सीएम ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, जिसके कारण पहले से स्थापित उद्योग भी पलायन कर रहे थे, लेकिन अब जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अपराधियों में कोई अपना-पराया नहीं है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश को अब तक करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही प्रदेश की बेरोजगारी दर देश में सबसे न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि आज यूपी के पास पर्याप्त लैंड बैंक मौजूद है, जिससे औद्योगिक विकास को और गति दी जा सकती है। जब सरकार, उद्योग और समाज मिलकर प्रयास करेंगे, तभी सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
सीएम योगी ने बताया कि ललितपुर में प्रदेश के पहले फार्मा पार्क के लिए भूमि अधिग्रहण कर लिया गया है और इसके विकास कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में सेंटर लेवल की आधुनिक प्रयोगशालाएं पहले से उपलब्ध हैं, जो फार्मा सेक्टर के लिए बड़ी ताकत हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी फार्मा सेक्टर में निवेश की संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा कि यूपी अब केवल आबादी वाला राज्य नहीं, बल्कि संभावनाओं और अवसरों का केंद्र बन चुका है।
उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 को राज्य में फार्मा और मेडिकल डिवाइस उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल निवेश बढ़ेगा, बल्कि रोजगार सृजन और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आएगा।
इसे भी पढ़ें : वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड कॉरिडोर पर दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, बंगाल को मिले 14,205 करोड़
➤ You May Also Like




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































